बिलासपुर , अक्टूबर 30 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के बिलासपुर मंडल में जयरामनगर-गतौरा स्टेशनों के बीच निर्माणाधीन रोड ओवरब्रिज (आरओबी) की एप्रोच रोड का प्रस्तावित डिजाइन विवाद का विषय बन गया है। समपार-361 (परसदा फाटक) पर बनाए जा रहे इस ओवरब्रिज में लगभग 180 डिग्री के तीखे मोड़ की व्यवस्था को लेकर यातायात सुरक्षा और इंजीनियरिंग मानकों पर नागरिको द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं।

रेलवे की ओर से निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए 500 टन क्षमता की दो क्रेन की सहायता से 36-36 मीटर लंबे चार गर्डर लॉन्च किए गए हैं। हालांकि, निर्माणाधीन पुल की ड्रोन से ली गई तस्वीरों और उपलब्ध नक्शों के आधार पर इसकी एप्रोच रोड की संरचना को लेकर गंभीर आशंकाएं सामने आई हैं।

स्थानीय निवासी राजेश कुचर के अनुसार, प्रस्तावित डिजाइन के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पार करने के बाद वाहन चालकों को सीधे मार्ग के बजाय लगभग 180 डिग्री का हेयरपिन यू-टर्न लेना होगा। इस संकरे और घुमावदार हिस्से में दृश्यता प्रभावित होने तथा ब्लाइंड स्पॉट बनने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित