चंडीगढ़ , अक्टूबर 13 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मानसा के नशा विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की मांग की है।
इस संबंध में उन्होंने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा लंबे समय से नशीले पदार्थाें की तस्करी और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उन्होंने पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए लगातार संघर्ष किया। ऐसे व्यक्ति कीहत्या राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
भाजपा नेता ने कहा कि मामले में दो महत्वपूर्ण पहलू सामने आए हैं। मृतक के पिता ने अपने बयान में स्थानीय विधायक का नाम लिया है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलाने से पहले हमलावर ने किसी से फोन पर बात की थी। उन्होंने इन पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर हत्या के पीछे की साजिश का पता लगाने की मांग की।
श्री ढिल्लों ने कहा कि चूंकि पीड़ित परिवार ने सत्तारूढ़ दल के एक प्रतिनिधि पर सवाल उठाए हैं, इसलिए जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए, ताकि उसकी निष्पक्षता को लेकर कोई संदेह न रहे। उन्होंने कहा कि न्याय होना ही नहीं, बल्कि लोगों को जांच की निष्पक्षता पर भरोसा होना भी जरूरी है। उन्होंने राज्यपाल से पंजाब सरकार को जांच सीबीआई के हवाले करने का निर्देश देने अथवा अपने स्तर पर उचित कदम उठाने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने हमलावर के फोन कॉल रिकॉर्ड, घटना के फेसबुक लाइव वीडियो और मामले से जुड़े सभी डिजिटल तथा भौतिक साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रखने की मांग की।
श्री ढिल्लों ने मृतक के परिवार, विशेषकर उसके छोटे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पंजाब में नशे की अवैध बिक्री के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की गहन जांच कराने की भी अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित