बैतूल , सितंबर 12 -- मध्य प्रदेश में बैतूल के मुलताई क्षेत्र की ग्राम पंचायत परमंडल में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेले जाने और अवैध रूप से शराब बेचे जाने की शिकायत सामने आई है।

मामले को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच इंद्रजीत गोहिते ने शुक्रवार को मुलताई थाना प्रभारी विकास पटेल को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। सरपंच के साथ कई ग्रामीण भी थाने पहुंचे और गांव में बढ़ रही इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

सरपंच ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि परमंडल गांव में कुछ सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम जुआ खेला जा रहा है। इसके साथ ही अवैध रूप से शराब की बिक्री भी किए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर जुआ और शराब की गतिविधियां होने से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में बताया गया कि इन गतिविधियों के चलते सार्वजनिक स्थानों पर आए दिन विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनती रहती है। इससे ग्रामीणों में असुरक्षा और असंतोष का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित