बेंगलुरु , मई 01 -- कर्नाटक में परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल से एक कैदी की पत्नी को की गयी वीडियो कॉल की क्लिप वायरल होने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
अकबर नाम के इस विचाराधीन कैदी ने जेल परिसर के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया और जेल अधिकारियों से छुपकर पत्नी को वीडियो कॉल किया। यह वीडियो तब सामने आया, जब उसकी पत्नी ने इस कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग इंस्टाग्राम पर शेयर कर दी।
इस घटना से लोगों में काफी गुस्सा व्याप्त है, क्योंकि हाल के वर्षों में जेल के अंदर कैदियों द्वारा मोबाइल फोन इस्तेमाल करने, जुआ खेलने और पार्टियों में शामिल होने के कई मामले सामने आ चुके हैं।
वह कैदी अब जेल से रिहा हो चुका है। वीडियो कॉल के दौरान जेल के अंदर के दृश्यों ने इस हाई-सिक्योरिटी जेल में बार-बार हो रही सुरक्षा चूकों को लेकर आलोचनाओं को और तेज कर दिया है।
बताया जा रहा है कि जेल विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कैदी को जेल परिसर के अंदर मोबाइल फोन कैसे मिला।
इस घटना ने एक बार फिर बेंगलुरु की इस जेल के अंदर निगरानी और नियमों को लागू करने वाली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित