जमुई, अप्रैल 22 -- लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने बुधवार को कहा कि सांसद पप्पू यादव ने राजनीति के क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं के बारे में जो टिपण्णी की है वह निंदनीय है और श्री यादव को इस संबंध में स्पष्टीकरण देने के साथ आवश्यकता पड़ने पर माफी मांगनी चाहिए।

श्री भारती आज दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में भाग लेने जमुई पहुंचे और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर संवाददाताओं से बात की। इस दौरान उन्होंने सांसद पप्पू यादव के राजनीति में आने वाली महिलाओं के बारे में दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की।

लोजपा सांसद ने कहा कि पप्पू यादव का पहले का इतिहास भी ऐसा ही रहा है और उनके ऐसे विवादास्पद बयान आते रहे है। उन्होंने कहा कि इस मामले में महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। अब पप्पू यादव को या तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए या आयोग के समक्ष अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कोई व्यक्ति भले ही अपनी छवि बदलने का प्रयास करे, लेकिन उसका अतीत समय-समय पर सामने आ ही जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित