पन्ना , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने 180 लीटर अवैध देशी शराब का परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब और एक चार पहिया वाहन सहित करीब नौ लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में चार आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि कोतवाली पन्ना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सफेद रंग के चार पहिया वाहन में अवैध शराब लेकर देवेंद्रनगर से बिक्री के लिए पन्ना की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम पन्ना-देवेंद्रनगर मार्ग पर पहुंची। इसी दौरान देवेंद्रनगर-सकरिया की ओर से एक सफेद रंग का चार पहिया वाहन आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को मोड़कर छापर गांव की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर नर्सरी गेट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन की सीटों के नीचे और डिक्की में खाकी रंग के कार्टून मिले। जांच करने पर कार्टूनों में अवैध देशी शराब पाई गई।
पुलिस ने सौरभ विश्वकर्मा (31) निवासी वार्ड नंबर 11, पुराने आरपी स्कूल के पीछे, आगरा मोहल्ला, पन्ना और उमेश रैकवार (30) निवासी वार्ड नंबर 10, नट के हनुमान मंदिर के पास, आगरा मोहल्ला, पन्ना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में दीपू राय, अभिराज यादव, छोटू यादव और देवेंद्र यादव की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजे जाने की कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित