पन्ना , सितम्बर 24 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पन्ना-कटनी मार्ग पर गुरुवार को एक तेज रफ़्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से मादा सांभर की मौत हो गई। यह हादसा उत्तर वन मंडल पन्ना के पन्ना वन परिक्षेत्र के जनवार बीट में यूनिवर्सल केबिल्स फैक्ट्री के पास हुआ।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक तेज रफ़्तार अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने सड़क पार कर रही मादा सांभर को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगने के बाद सांभर और मोटरसाइकिल सवार दोनों सड़क पर गिर गए। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार को भी चोटें आने की आशंका जताई गई है। बावजूद इसके बाइक चालक तुरंत मौके से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर वन मंडल पन्ना की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने मृत मादा सांभर के शव को अपने कब्जे में लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कर सांभर का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की। वन विभाग की टीम द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं ताकि घायल मोटरसाइकिल सवार की पहचान हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित