पन्ना , अगस्त 02 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार किलो 164 ग्राम गाँजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गयी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गत 31 जुलाई को थाना प्रभारी अमानगंज को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लिए बायपास अमानगंज तिराहा पवई रोड से पैदल अमानगंज तरफ आ रहा है। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये मुखबिर के बताये स्थान पर पहुँचकर उक्त संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित किया गया।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा तत्परता पूर्वक घेराबंदी की जाकर संदेही को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। नाम पता पूछे जाने पर संदेही व्यक्ति ने अपना नाम रूज्जन सिंह पारधी (30) निवासी कुपना थाना शाहनगर जिला पन्ना बताया। तलाशी लिये जाने पर उसके कब्जे से चार4 किलो 164 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (सूखा गाँजा) बरामद हुआ जिसे पुलिस टीम द्वारा विधिवत जप्त किया गया।
मामले में आरोपी के विरूद्ध थाना अमानगंज में एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अवैध मादक पदार्थ के स्रोत एवं इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत जानकारी हेतु विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित