पन्ना , अप्रैल 02 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 525 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पवई बायपास तिराहा स्थित माही ढाबा के पास गांजा बिक्री के लिए बैठे हैं। सूचना के आधार पर थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग के साथ बैठे मिले। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान दोनों के बैग से क्रमशः 2.193 किलोग्राम और 2.289 किलोग्राम गांजा, कुल 4.525 किलोग्राम बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र उर्फ सुरेंद्र अग्निहोत्री और नीलेश पटेल, निवासी ग्राम नहदौरा, थाना राजनगर, जिला छतरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पवई में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित