पन्ना , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने अवैध शराब के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 93 लीटर 930 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

थाना प्रभारी कोतवाली पन्ना रोहित मिश्रा ने आज बताया कि अवैध शराब के भंडारण एवं विक्रय के संबंध में प्राप्त सूचनाओं की लगातार तस्दीक की जा रही थी। इसी क्रम में 16 अगस्त की दरम्यानी रात को कोतवाली पुलिस टीम को कस्बा गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरुषोत्तमपुर निवासी बीरेन्द्र कुमार जड़िया के किराए के मकान के एक कमरे में अवैध शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई हैं तथा कुछ व्यक्ति शराब बेचने के लिए मकान के सामने खड़े हैं।

मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम जावेद खान (28), निवासी टिकुरिया मोहल्ला पन्ना और अंकुल कुशवाहा (24), निवासी टिकुरिया मोहल्ला पन्ना बताया।

पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर किराए के कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में 11 पेटियों में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी एवं देशी प्लेन मसाला शराब मिली। शराब की गणना करने पर कुल 93 लीटर 930 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख 240 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने अवैध शराब विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली पन्ना में अपराध क्रमांक 632/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित