पन्ना , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश की पन्ना पुलिस ने जिले के सुनवानी थाना क्षेत्रान्तर्गत फरियादी के साथ ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर 'सीएफ सर्विस' पेज बनाकर लोन देने का विज्ञापन करते थे और फाइल चार्ज एवं टीडीएस सहित विभिन्न शुल्कों के नाम पर ठगी करते थे। प्रकरण में सात मोबाइल, तीन लैपटॉप एवं ठगी के 90 हजार रुपये सहित कुल दो लाख 12 हजार रुपए का मशरूका जप्त हुआ है।

पुलिस सूत्रों से शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी बालकिशन अहिरवार द्वारा थाना सुनवानी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर 'मनीष' नाम की आईडी के माध्यम से 'सीएफ सर्विस' पेज पर सभी प्रकार के लोन उपलब्ध कराने संबंधी विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद अज्ञात आरोपियों द्वारा लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर फाइल चार्ज, टीडीएस आदि के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 91 हजार 268 रु. जमा कराए गए। इसके बावजूद फरियादी का लोन स्वीकृत नहीं हुआ तथा आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर लिए। फरियादी की शिकायत पर थाना सुनवानी में अपराध क्रमांक 44/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।

प्रकरण में अज्ञात आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू द्वारा विशेष पुलिस टीम को लगाया गया। प्रकरण में सहायता के लिए साइबर सेल पन्ना को भी निर्देशित किया गया। मालले मे गठित पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की लगातार तलाश की गई एवं साइबर सेल पन्ना द्वारा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल डाटा एवं साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान करने हेतु गहनता से जांच की गई। डिजिटल साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करने पर आरोपियों के उत्तर प्रदेश के काशगंज क्षेत्र के निवासी होने तथा वर्तमान में दिल्ली में रहकर अपनी गतिविधियां संचालित करने की जानकारी सामने आई।

मामले में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दिल्ली के लिए रवाना हुई, जहां जनकपुरी, दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, लैपटॉप एवं धोखाधड़ी की राशि जप्त की गई। आरोपियों के मोबाइल नंबरों एवं संदिग्ध बैंक खातों की जांच करने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से संबंधित कुल 15 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज होना पाया गया है। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों में व्यापेंद्र प्रताप उर्फ अंकित 30 वर्ष तथा अरविन्द कुमार 29 वर्ष, निवासी काशगंज, थाना काशगंज, उत्तर प्रदेश हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित