पन्ना , मई 11 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी आज पन्ना पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर सहित आंदोलनकारियों से मुलाकात की।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री पटवारी ने केंद्र सरकार की केन-बेतवा लिंक परियोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह परियोजना भौतिक रूप से व्यवहारिक नहीं दिखाई देती। उन्होंने दावा किया कि केन नदी का पानी बेतवा तक ले जाना आसान नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना के कारण हजारों पेड़ों की कटाई की जा रही है तथा दर्जनों गांवों के विस्थापन और पन्ना टाइगर रिजर्व के बड़े हिस्से के डूब क्षेत्र में आने से पर्यावरण को भारी नुकसान होने की आशंका है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकास के नाम पर आदिवासियों और ग्रामीणों की जमीन छीनी जा रही है तथा विस्थापितों से किए गए वादे पूरे नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी को लोकतंत्र के खिलाफ बताया।
इधर आंदोलन से जुड़े समाजसेवी अमित भटनागर सहित सभी ग्रामीणों को अदालत से जमानत मिल गई है। अधिवक्ता राकेश गर्ग ने बताया कि सभी आरोपियों की जमानत मंजूर हो चुकी है और जल्द ही उनकी रिहाई होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित