पन्ना , मई 08 -- मध्यप्रदेश के पन्ना नगर क्षेत्र में प्रशासन ने धरना-प्रदर्शन, रैली और पदयात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश अनुविभागीय दण्डाधिकारी संजय कुमार नागवंशी द्वारा जारी किया गया। आदेश के अनुसार पन्ना नगर की संपूर्ण सीमा क्षेत्र, विशेष रूप से डायमंड चौराहा सहित व्यस्त क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, रैली और पदयात्रा पर तत्काल प्रभाव से रोक रहेगी।
प्रशासन के अनुसार केन-बेतवा लिंक परियोजना, रूंज मध्यम सिंचाई परियोजना तथा मझगांय सिंचाई परियोजना से प्रभावित लोगों द्वारा प्रदर्शन और रैली की योजना संबंधी सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। हाल के दिनों में परियोजना कार्यों में अवरोध और संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
इससे पहले आज समाजसेवी अमित भटनागर सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सभी आंदोलनकारियों की रिहाई की मांग की।
आदेश में कहा गया है कि प्रतिबंध का उद्देश्य नगर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की दैनिक गतिविधियों और शासकीय कार्यों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना है। नगर पालिका परिषद पन्ना को ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से आदेश की जानकारी प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित