पन्ना , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में सागौन वृक्षों की अवैध कटाई में लिप्त तस्करों के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वन विभाग के अनुसार यह कार्रवाई 8 अप्रैल को पन्ना टाइगर रिजर्व के बकचुर बीट क्षेत्र में की गई। सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर जंगल में सागौन वृक्षों की कटाई कर रहे हैं, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
टीम की आहट मिलते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन पीछा कर एक आरोपी सुरेन्द्र सिंह गोंड निवासी खजरी कुडार को पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से 14 नग सागौन की सिल्लियां जब्त की गई हैं, जिनका बाजार मूल्य लगभग 30 हजार रुपये बताया गया है। वन परिक्षेत्राधिकारी रोहित पुरोहित ने बताया कि फरार तीन आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित