पन्ना , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के किशनगढ़ कोर क्षेत्र में एक वयस्क नर बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। बाघ की मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और पोस्टमार्टम तथा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक वीरेंद्र पटेल ने बताया कि शनिवार दोपहर घटना की जानकारी मिलने पर वे स्वयं अत्यंत दुर्गम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाघ का शव सुरक्षित है और प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
सूत्रों के अनुसार मृत बाघ के पास एक भैंस का शव भी मिला है, जिसका उसने शिकार किया था। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि भैंस के शव में जहर मिलाया गया हो, जिसे खाने से बाघ की मौत हुई। हालांकि वन विभाग ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हाल के वर्षों में पन्ना टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के शिकार और बाघों की संदिग्ध मौतों की घटनाओं के मद्देनजर इस घटना ने बाघों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित