पन्ना , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश में पन्ना जिले के पन्ना टाइगर रिजर्व से सटे विक्रमपुर गांव में एक बाघ के घुस आने से दहशत का माहौल बन गया। बाघ ने गांव में प्रवेश कर बाड़े में बंधे दो मवेशियों का शिकार कर लिया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के अनुसार गुरुवार को गांव के एक ग्रामीण ने बाघ को गांव में प्रवेश करते हुए देखा और उसका वीडियो भी बनाया, जिसके बाद यह खबर तेजी से फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और बाघ को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए अभियान शुरू किया। इस दौरान प्रशिक्षित हाथियों की भी मदद ली जा रही है।

पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक बीके पटेल ने बताया कि बाघ को बिना नुकसान पहुंचाए जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बाघों की संख्या बढ़ने के कारण वे नए इलाकों की तलाश में जंगल से बाहर आ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जसवंतपुरा गांव में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। रिहायशी क्षेत्रों के पास बाघों की बढ़ती मौजूदगी से मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति बन रही है, जो चिंता का विषय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित