चंडीगढ़ , मई 26 -- केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ शहर में मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत चुनाव विभाग की टीमें 15 जून से घर-घर जाकर मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच करेंगी और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी।
जानकारी के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) तीन बार घर-घर विजिट करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रह जाये। वहीं, 21 जुलाई से 20 अगस्त तक नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करवा सकेंगे।
चुनाव विभाग के मुताबिक चंडीगढ़ में इससे पहले वर्ष 2002 में (एसआईआर) अभियान चलाया गया था। अब दोबारा इस विशेष अभियान के जरिए मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन करने की तैयारी की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान शहर की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों और उनके प्रतिनिधियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
मतदाता सत्यापन के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज निर्धारित किये गये हैं। इनमें दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र, नागरिकता प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज शामिल हैं।
चंडीगढ़ के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत यादव ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान के जरिए वोटर लिस्ट को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाएगा, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित