नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- माहे श्रेणी के दूसरे स्वदेशी पनडुब्बी रोधी पोत आईएनएस मालवन को 22 जुलाई को नौसेना के बेड़े में शामिल किया जायेगा जिससे रक्षा विनिर्माण और तटीय समुद्री सुरक्षा में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता को का पता चलता है।

नौसेना ने गुरुवार को बताया कि लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह करेंगे और इस अवसर पर पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय वात्सायन भी उपस्थित रहेंगे। वरिष्ठ नौसेना अधिकारियों, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के प्रतिनिधियों, दिग्गजों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के भी कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है।

कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड, कोच्चि द्वारा निर्मित, मालवन को 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री के साथ बनाया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत आधुनिक युद्धपोतों के डिजाइन, निर्माण और एकीकरण में देश की विस्तार क्षमता को दर्शाता है।

यह पोत स्वदेशी नौसैनिक जहाज निर्माण में भारत की बढ़ती विशेषज्ञता का प्रतिनिधित्व करता है और इसे तटीय और उथले पानी के वातावरण में प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है जहां पनडुब्बी रोधी अभियान महत्वपूर्ण हैं।

इस प्लेटफार्म को " दुर्जेय" बताते हुए नौसेना ने कहा है कि जहाज में फुर्ती, सटीकता और सहनशक्ति का मिश्रण है जो तटीय जल में समुद्री प्रभुत्व बनाए रखने के लिए आवश्यक गुण है।

आईएनएस मालवन का लोकार्पण नौसेना की नयी पीढ़ी के स्वदेशी पनडुब्बी रोधी युद्धकपोतों को बेड़े में शामिल करने की दिशा में एक और मील का पत्थर है, जिसका उद्देश्य तटीय रक्षा को मजबूत करना और पानी के नीचे निगरानी और पनडुब्बी रोधी क्षमताओं को बढ़ाना है।

माहे-श्रेणी के युद्धपोतों को पुराने अभय-श्रेणी के कार्वेट को बदलने के लिए नौसेना में शामिल किया जा रहा है और विशेष रूप से तटीय जल में पनडुब्बी रोधी संचालन, कम तीव्रता वाले समुद्री संचालन, बारूदी सुरंग बिछाने के मिशन , समन्वित खोज और बचाव कार्यों को करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। उन्नत पानी के भीतर सेंसर और आधुनिक हथियार प्रणालियों से सुसज्जित इस युद्धपोत से देश के विशाल तटीय क्षेत्र में पानी के नीचे के खतरों का पता लगाने और उन्हें बेअसर करने की नौसेना की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित