दुर्ग , जुलाई 05 -- छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तथा पद्म विभूषण एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. तीजन बाई का रविवार को उनके पैतृक गांव गनियारी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में उमड़े लोगों, लोक कलाकारों, शिष्यों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

गृहग्राम गनियारी स्थित मुक्तिधाम में हुए अंतिम संस्कार के दौरान पारंपरिक श्रद्धांजलि स्वरूप लोक कलाकारों और उनके शिष्यों ने "चोला माटी के हे राम, एकर का भरोसा." गीत गाकर वातावरण को भावुक कर दिया। अंतिम संस्कार की रस्म उनके मंझले बेटे दिलहरण पारधी ने मुखाग्नि देकर पूरी की। इस अवसर पर उनके पति तुलसी राम देशमुख भी उपस्थित रहे। परिजनों के अनुसार डॉ. तीजन बाई की अंतिम इच्छा थी कि वह सुहागिन के रूप में ही इस संसार से विदा लें।

अंतिम दर्शन के लिए कला, साहित्य और राजनीति जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां गनियारी पहुंचीं। इनमें पद्मश्री उषा बारले, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, लोक कलाकार और उनके शिष्य शामिल रहे। सभी ने दिवंगत लोकगायिका को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम प्रणाम किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित