झाबुआ , जून 25 -- मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के काकनवानी गांव में पद्मावती नदी से एक युवक का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार काकनवानी निवासी रोहित पंचाल (35) बुधवार शाम करीब छह बजे घर से निकले थे। परिजन देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश कर रहे थे। बताया गया है कि वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे।
इसी बीच रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस की गश्ती टीम नागनवाट क्षेत्र स्थित पद्मावती नदी पुल से गुजर रही थी। पुल पर एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई देने और पास में एक जोड़ी चप्पल मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। आसपास तलाश करने पर नदी में एक युवक का शव दिखाई दिया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल के पंजीयन नंबर के आधार पर जानकारी जुटाई, जिसमें वाहन काकनवानी निवासी बाबूलाल पंचाल के नाम पर दर्ज पाया गया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
शव को नदी से बाहर निकालकर मेघनगर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी पहचान रोहित पंचाल के रूप में हुई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित