सिरसा , जून 28 -- हरियाणा के सिरसा की गवर्मेंट फार्मेसी ऑफिसर एसोसिएशन हरियाणा ने भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं पद्मश्री सम्मान से अलंकृत सविता पूनिया को खेलों में उनके उत्कृष्ट योगदान और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए सम्मानित किया है।
सम्मान समारोह में एसोसिएशन के राज्य प्रधान जगदीप, राज्य उपप्रधान प्रदीप जांगू, जिला प्रधान प्रदीप गर्ग, चीफ फार्मेसी ऑफिसर सुभाष चंद्र, सीनियर ज्वाइंट सेक्रेटरी आर.के. सुखचैन सहित प्रदेशभर से आए अनेक फार्मेसी ऑफिसर मौजूद रहे।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि सविता पूनिया की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण नई पीढ़ी को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर पद्मश्री सम्मान प्राप्त करना अपने आप में एक मिसाल है।
उन्होंने कहा कि सविता पूनिया ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपने माता-पिता और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता खेल जगत में आगे बढ़ने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित