राजनांदगांव , मई 06 -- छत्तीसगढ़ में पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई के अपहरण के प्रयास की घटना के बाद भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने बुधवार को उनसे मुलाकात की और उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
मुलाकात के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला, जहां फूलबासन बाई ने घटना को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। विधायक यादव ने उनके साथ हुए घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए कहा कि यह प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि ''फूलबासन बाई जैसी पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी, जिन्होंने वर्षों तक महिलाओं और वनांचल क्षेत्रों के विकास के लिए कार्य किया है, उनके साथ इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक है। यह शासन और पुलिस प्रशासन के लिए शर्म की बात है।''उन्होंने आगे कहा कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए और केवल सामने आए आरोपियों ही नहीं, बल्कि इसके पीछे की संभावित साजिश का भी खुलासा किया जाना चाहिए।
विधायक यादव ने मांग की कि फूलबासन बाई को विधायक एवं पूर्व विधायकों की तर्ज पर सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे बिना भय के समाजसेवा का कार्य जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि ''फूलबासन बाई पिछले 28 वर्षों से महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।''उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है, लेकिन एक भाई के रूप में वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन यादव, पूर्व विधायक छन्नी साहू, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, प्रदेश सचिव मेहुल मारु, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव सहित कांग्रेस और सामाजिक संगठनों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित