पटना , अक्टूबर 24 -- प्रबुद्ध महिलाओं की संस्था 'आयाम की ओर से आयोजित पद्मश्री उषा किरण खान की जयंती के अवसर वरिष्ठ साहित्यकार सुधा अरोड़ा को 'कथा साहित्य सम्मान से नवाजा गया।

राजधानी पटना में आयोजित इस समारोह में बिहार विधान परिषद के सभापति डॉ. रामवचन राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. राय ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि उषाकिरण खान के क्लास साथी थे। उन्होंने कहा कि उषा जी ने अपने जीवन काल मे साहित्य सृजन के साथ महिलाओं के उत्थान के लिए कई सार्थक प्रयास किये।

पुरस्कृत लेखिका सुधा अरोड़ा ने कहा कि वर्तमान में धर्म की आड़ में संवेदनहीनता बढ़ी है। ऐसे समय में लेखकों का दायित्व और बढ़ गया है।

समारोह की शुरुआत आयाम की अध्यक्ष डॉ. नीलिमा सिंह के स्वागत भाषण से हुई। संस्था की सचिव प्रो. वीणा अमृत ने अपने वक्तव्य में आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। डॉ. कुमार वरुण ने पुरस्कार का विवरण प्रस्तुत किया वरिष्ठ कथाकार संतोष दीक्षित ने सम्मानित लेखिका सुधा अरोड़ा का परिचय दिया। इसके बाद उषा किरण खान कथा साहित्य सम्मान की घोषणा की गई और तनुजा शंकर खान ने मानपत्र का वाचन किया।

आयोजन के दूसरे सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को साहित्यिक रंग के साथ-साथ संगीत की सुरमयी वातावरण से जोड़ दिया। इस दौरान रीता दास के संयोजन में सूफी गायन, क्षितिज प्रीत की ओर से कबीर भजन और लोक गायन प्रस्तुत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित