दरभंगा , सितम्बर 25 -- वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जलारेड्डी ने कहा कि पुलिस सेवा में पदोन्नति केवल पद और वर्दी पर एक अतिरिक्त स्टार मिलने का अवसर नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों और उच्चतर दायित्वों के निर्वहन का संकल्प भी है। शुक्रवार को पुलिस केंद्र, दरभंगा में सहायक पुलिस अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक पद पर पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित पीपिंग समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक ने 90 पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधे पर स्टार लगाकर उन्हें अलंकृत किया तथा पदोन्नति और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री रेड्डी ने पदोन्नत पदाधिकारियों को पुलिस सेवा में बढ़ी हुई जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ती है और उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन की सेवा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पीपिंग समारोह केवल पदोन्नति के प्रतीक के रूप में स्टार लगाने की औपचारिकता नहीं, बल्कि पुलिस पदाधिकारी को बढ़ी हुई जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति सजग कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधे पर सजे स्टार और बढ़ी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हुए पदोन्नत पदाधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि दरभंगा में कुल 160 सहायक पुलिस अवर निरीक्षकों को पुलिस अवर निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली है। इनमें से 90 पदोन्नत पदाधिकारियों को समारोह में स्टार लगाकर अलंकृत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित