रायपुर/कोण्डागांव/बलौदाबाजार , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ की मांगों को लेकर प्रदेशभर के पटवारियों ने सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल कर प्रदर्शन किया।

कोण्डागांव और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पटवारियों ने धरना देकर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने और वेतन विसंगति दूर करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया।

कोण्डागांव में राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ की जिला इकाई के पटवारियों ने डीएनके मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पटवारियों ने लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने, पदोन्नति के लिए समय-सीमा निर्धारित करने, राजस्व निरीक्षक के रिक्त पदों पर पटवारियों से पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने और वेतन विसंगति का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारियों ने जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के पद पर पदोन्नति में परीक्षा के माध्यम से 50-50 प्रतिशत स्थान देने तथा वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई।

पटवारी संघ के सदस्यों ने बताया कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों की बहुत कमी है। हमारी मांग है कि वरिष्ठता एवं विभागीय परीक्षा के आधार पर हमें प्राथमिकता दी जाए। वर्ष 2013 के बाद से आज तक पदोन्नति नहीं हुयी है। साथ ही वेतन में विसंगति है, जिसे दूर किया जाए। आज हमने एक दिवसीय प्रदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान आकृष्ट किया है। मांग पूरी नहीं होती है तो प्रांत स्तर पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया लंबित होने और वेतन विसंगति के कारण कर्मचारियों को आर्थिक एवं सेवा संबंधी नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद पटवारी संघ ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन शासन के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित