श्रीगंगानगर , अगस्त 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में आये महिला-पुरुषों ने श्रीगंगानगर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर बढ़ती नशाखोरी और इसका विरोध करने वालों को पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पदमपुर के लोग दोपहर करीब एक बजे बस अड्डा के पीछे स्थित नेहरू पार्क में इकट्ठा हुए। वहां से उन्होंने जुलूस के रूप में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर कूच किया। प्रदर्शन के बाद कार्यालय के बाहर जमावड़ा आमसभा में बदल गया।
आमसभा में राजकुमार खरोड़, राजकुमार बाजीगर और अन्य वक्ताओं ने करीब 15 दिन पहले पदमपुर में हुई एक गंभीर घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि नौ वर्षीय बालिका से नशेड़ी युवक ने दुष्कर्म किया और उसे गला दबाकर मारने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का जाल फैल गया है और बड़ी संख्या में युवा नशे की चपेट में आकर आपराधिक घटनाएं कर रहे हैं।
सभा में आरोप लगाया गया कि नशा और नशा तस्करों का विरोध करने वालों को ही पुलिस प्रताड़ित कर रही है। गत 13 अगस्त की सुबह राजकुमार खरोड़, राजकुमार बाजीगर सहित कई लोगों को पुलिस ने अवैध रूप से हिरासत में लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित