पटना, मई 29 -- बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सरकार की ओर प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका 'कला संवाद' उनके विभाग और कला प्रेमियों के बीच एक सशक्त संवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगी।

मंत्री श्री कुमार ने आज पत्रिका के (द्वितीय अंक) का विमोचन किया और कहा कि 'कला संवाद' प्रत्येक तीन माह पर नियमित रूप से प्रकाशित की जाएगी। आने वाले समय में यह पत्रिका विभाग एवं कला प्रेमियों के बीच नियमित एवं सशक्त संवाद का माध्यम बन जाएगी।

श्री कुमार ने बताया कि पत्रिका में कला एवं संस्कृति विभाग से जुड़े कार्यक्रमों, गतिविधियों, योजनाओं तथा महत्वपूर्ण आयोजनों की विस्तृत एवं प्रमाणित जानकारी प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग से संबंधित व्यवस्थित एवं प्रामाणिक साहित्य की कमी को देखते हुए इस महत्वपूर्ण पुस्तिका की शुरुआत की गई है।

मंत्री ने कहा कि पत्रिका 'कला संवाद' कला एवं संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े कलाकारों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं कला प्रेमियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और इससे उन्हें समय पर कार्यक्रमों की जानकारी के साथ उचित मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।

श्री कुमार ने कहा कि यह पुस्तिका राज्य की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मंत्री ने इस पहल के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक प्रयास कला एवं संस्कृति के क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करने में सहायक होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित