नयी दिल्ली , अगस्त 01 -- मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति, दिल्ली ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए पेंशन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा अन्य कल्याणकारी योजनाएं लागू करने की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष रविन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट से मुलाकात कर उन्हें इन मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में अमलेश राजू, प्रतिभा शुक्ला, अमित कुमार, ज्ञान प्रकाश, प्रियरंजन, रजनीकांत तिवारी, देवेंद्र तोमर, अशोक धवन तथा सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र रावत सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
श्री बिष्ट ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पत्रकारों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
ज्ञापन में कहा गया है कि देश के कई राज्यों में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए पेंशन, सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। समिति ने दिल्ली में भी ऐसी सुविधाएं लागू करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित