भिण्ड , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के देहात थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मानपुरा गांव निवासी प्रमोद नरवरिया (27) का किसी बात को लेकर पत्नी अंजलि से विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर का असर होने पर उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजनों के अनुसार प्रमोद अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के ताऊ देवेंद्र सिंह नरवरिया ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद प्रमोद ने यह आत्मघाती कदम उठाया। प्रमोद दो भाइयों में एक था और अलग रहकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं।

देहात थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक ने कौन-सा जहरीला पदार्थ खाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित