इटावा , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शादी के महज 20 दिन बाद एक नवविवाहित युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद उसकी पत्नी ने भी आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अविनाश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार को बस स्टैंड के पास एक महिला से मारपीट की सूचना मिली थी। जांच के दौरान सोमवार को जानकारी मिली कि महिला के पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के जुगरामऊ गांव निवासी अंकित की शादी 6 जुलाई को खुशबू से हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शादी के बाद दोनों के बीच विवाद चल रहा था। रविवार को दोनों के बीच बस स्टैंड के पास कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसके बाद परिजन दोनों को समझाकर घर ले आए थे।

बताया गया कि सोमवार को अंकित ने घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद खुशबू ने नींद की गोलियां खाकर और फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

खुशबू का कहना है कि उसके पति को उस पर किसी अन्य युवक के साथ जाने का संदेह था, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसने आरोप लगाया कि पति ने उसके साथ मारपीट की और बाद में घर से निकलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि महिला के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित