भरतपुर , सितम्बर 13 -- राजस्थान में भरतपुर में कैला देवी झील का बाड़ा इलाके में रविवार को एक युवक ने अपनी पत्नी को चाकू से घायल करने के बाद ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बयाना थाना क्षेत्र रुदावल के बरौली ब्राह्मण निवासी सुशील प्रजापत (25) और रजनी (22) तीन वर्ष पहले ही शादी के बंधन में बंधे थे, लेकिन सुशील को पत्नी के इंस्टाग्राम चैट देखने के बाद उसके किसी अन्य से सम्बन्ध होने का शक होने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि वह झील का बाड़ा में माता के दर्शन कराने के बहाने पत्नी को मोटर साइकिल से लेकर आया। वहां रेलवे अंडरपास के पास जंगल से गुजरते समय उसने मोटर साइकिल रोकी और पत्नी के गले और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

महिला के चिल्लाने पर जब राहगीर मौके पर पहुंचे तो सुशील मोटर साइकिल छोड़कर मौके से भाग निकला। इसके बाद उसने घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर सालाबाद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। महिला का उपचार जारी है जबकि शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित