सागर , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में एक दुकान में हुए विस्फोट मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पत्नी के परिजनों को झूठे प्रकरण में फंसाने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री रखी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बूढ़ी रानगिर मंदिर के पास स्थित एक दुकान में हुए विस्फोट में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर टीम की मदद से संदिग्ध संदेश के आधार पर आरोपी गोलू उर्फ इमारत पटेल निवासी पाटई गांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी मायके चली गई थी और वापस नहीं आ रही थी, जिसके कारण उसने साजिश रची।
आरोपी ने मंदिर के पुजारी को भ्रामक संदेश भेजकर संदेह उत्पन्न किया और एक ब्लूटूथ स्पीकर में सुतली बम व डेटोनेटर लगाकर उसे दुकान में रख दिया, जिससे विस्फोट हुआ और तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी का उद्देश्य अपनी पत्नी के भाइयों और परिजनों को इस मामले में फंसाकर दबाव बनाना था, ताकि वह पत्नी को वापस ला सके। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस के अवशेष और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित