अपराध हत्या आत्महत्यामहराजगंज , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोपी पति ने पुलिस कार्रवाई के डर से शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सौरहा गांव निवासी नाजिमा खातून की हत्या के मामले में उसके पति मुर्तुजा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
बताया गया कि बरगाहपुर टोला लेहड़ा स्टेशन निवासी आयशा खातून ने पांच मार्च को बृजमनगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी पुत्री नाजिमा खातून की शादी सौरहा गांव निवासी मुर्तुजा से की थी। शादी के बाद से ही मुर्तुजा तथा उसके माता-पिता दहेज के लिए नाजिमा को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि पांच मार्च को दहेज को लेकर हुए विवाद में मुर्तुजा ने नाजिमा की हत्या कर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति मुर्तुजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच शुक्रवार को सूचना मिली कि मुर्तुजा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित