सागर , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश के सागर में भानगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामसागर में एक महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

ग्राम रामसागर निवासी मुल्ले आदिवासी द्वारा सूचना दी गई कि उनकी पत्नी अवधबाई आदिवासी, अपने घर पर मृत अवस्था में मिली हैं। मृतका के पति द्वारा मृत्यु का कारण अज्ञात होना बताया गया था।

प्राप्त सूचना पर थाना भानगढ़ पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल चौकी कंजिया अंतर्गत ग्राम रामसागर होने से पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, शव पंचनामा एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

मर्ग जांच के दौरान प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अवधबाई की मृत्यु गले की सांस नली दबने/गला घोंटने से होना पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का होना स्पष्ट हुआ।

संदेही मुल्ले आदिवासी निवासी ग्राम रामसागर से पूछताछ की गई। सघन पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित