बैतूल , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने पत्नी की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में बैतूल बाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोंगिया जावरकर को हिरासत में लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल को ग्राम गांडवा निवासी बिमला बाई चढ़ोकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री बाली बाई ताप्ती नदी पर कपड़े धोने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में नदी किनारे उसकी चप्पल और कपड़े मिलने पर तलाश की गई, जहां उसका शव मिला। शव के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान पाए गए।
मामले में बैतूल बाजार थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। संदेह के आधार पर मृतका के पति की तलाश की जा रही थी, जो घटना के बाद से फरार था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घरेलू विवाद के चलते उसने पत्नी के सिर पर पत्थर मारकर हत्या की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित