श्रीनगर , मार्च 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने मंगलवार को कहा कि हाल ही में ईरान समर्थक प्रदर्शनों के दौरान पत्थरबाजी में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर वापस लेने की मांग किसी भी स्थिति में उचित नहीं हो सकती है।
यहां जारी बयान में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि विरोध के नाम पर हिंसा और तोड़फोड़ स्वीकार्य नहीं है और इससे कानून के तहत सख्ती से निपटा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि घाटी में शांति और कानून-व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की है और इसे बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
श्री ठाकुर ने कहा, "कुछ लोग उन लोगों के खिलाफ एफआईआर वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जिन्होंने पत्थरबाजी का सहारा लिया। ऐसी मांगें स्वीकार्य नहीं हैं। हिंसा और तोड़-फोड़ को सही नहीं ठहराया जा सकता।"वह सत्ताधारी और विपक्षी दलों के कई राजनीतिक नेताओं और नागरिक समाज के सदस्यों के हाल ही में किये उन आह्वान का जिक्र कर रहे थे, जिसमें अधिकारियों से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का आग्रह किया गया है। ये मामले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद हुए प्रदर्शनों और रैलियों के दौरान हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित