फिरोजाबाद , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के दक्षिण थाना क्षेत्र स्थित करबला मोहल्ले में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला द्वारा कथित रूप से खुद को आग लगाने का मामला सामने आया है। आग बुझाने के प्रयास में उसका पति भी झुलस गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, करबला मोहल्ला गली नंबर-9/3 निवासी संगीता (28) का मंगलवार देर रात अपने पति राहुल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। इसी दौरान संगीता ने कथित रूप से अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया और कमरे से बाहर निकलकर माचिस से अपने दुपट्टे में आग लगा ली।
महिला के आग की चपेट में आते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। पति राहुल ने पत्नी की जान बचाने के लिए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह भी झुलस गया।
परिजनों ने दोनों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। संगीता की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि राहुल का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर दक्षिण थाना पुलिस ट्रॉमा सेंटर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह का प्रतीत हो रहा है। महिला का उपचार जारी है तथा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित