भिण्ड , जुलाई 05 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में गृहकलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मारकर घायल कर दिया और बाद में स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि गोहद अनुभाग के मौ थाना क्षेत्र के बमरौली गांव निवासी 40 वर्षीय मनोज यादव शनिवार देर शाम अपनी पत्नी रामदेवी और पुत्री मोहिनी के साथ गांव के बाहर स्थित गौशाला पहुंचा था। कमरे के भीतर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान मनोज ने अवैध कट्टे से पत्नी के पैर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल महिला जान बचाकर बाहर की ओर भागी। इसके बाद मनोज ने उसी हथियार से अपने माथे पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के समय उनकी पुत्री भी वहां मौजूद थी।
सूचना मिलने पर मौ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। घायल रामदेवी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भिण्ड रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण गृहकलह माना जा रहा है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित