मिर्जापुर , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के कछवा थाना क्षेत्र में अपने ससुराल में रहने की मांग को लेकर एक विवाहिता करीब 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले के समाधान का प्रयास कर रही है।

कछवा थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान ने बताया कि विद्यापुर गांव निवासी त्रिवेणी प्रसाद के बड़े पुत्र अजीत का वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के मुंडा गांव की रहने वाली अंजली से प्रेम संबंध था। दोनों ने करीब दो वर्ष पहले मंदिर में विवाह किया था और किराये के मकान में रह रहे थे।

उन्होंने बताया कि लगभग दस महीने पहले अजीत रोजगार के सिलसिले में दुबई चला गया। शुरुआत में दोनों के बीच नियमित बातचीत होती रही, लेकिन करीब एक माह पहले अंजली का आरोप है कि अजीत ने दूसरी शादी कर लेने की बात कही और उसके बाद उससे संपर्क करना बंद कर दिया।

थाना प्रभारी के अनुसार अंजली बुधवार रात अपने ससुराल पहुंची और वहीं रहने की जिद करने लगी, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह अंजली गांव में स्थित करीब 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या की चेतावनी देने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

श्री चौहान ने बताया कि फिलहाल महिला सुरक्षित है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित