हरिद्वार , जून, 18 -- नशामुक्त समाज और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने गुरुवार को औरंगाबाद स्थित पतंजलि यूनिवर्सिटी के एनसीसी कैंप में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 500 एनसीसी कैडेट्स एवं स्टाफ ने भाग लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में हरिद्वार पुलिस की एएनटीएफ टीम, साइबर सेल तथा यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से कैडेट्स को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर ठगी से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने युवाओं को बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा इससे दूर रहकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन अपनाना आवश्यक है।

साइबर विशेषज्ञों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा करने के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए डिजिटल सुरक्षा के उपाय बताए। वहीं यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित