दरभंगा , सितंबर 12 -- बिहार के दरभंगा जिले में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बिशनपुर थाना क्षेत्र में एक कंटेनर से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की 4,947 लीटर विदेशी शराब बरामद कर चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया है।मद्यनिषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एकमी-शोभन रोड पर भरौल के निकट कंटेनर को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान कंटेनर में पतंजलि के उत्पादों की आड़ में छिपाकर रखी गई 4,947.120 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 60 लाख रुपये बताया गया है।

श्री कुमार ने बताया कि कंटेनर में 478 कार्टून साबुन, 460 कार्टन टूथपेस्ट, 155 बोरा सर्फ और 111 कार्टून ब्रश सहित पतंजलि के अन्य उत्पाद भी पाए गए। शराब को इन सामानों के बीच इस तरह छिपाकर रखा गया था कि सामान्य जांच में उसकी आसानी से पहचान नहीं हो सके।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चालक एवं उपचालक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के निवासी हैं। दोनों से पूछताछ कर शराब के स्रोत, गंतव्य तथा अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

श्री कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। शराब कारोबारियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों की पहचान कर सघन जांच एवं निगरानी की जा रही है। मद्यनिषेध कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने आम लोगों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से संबंधित सूचना प्रशासन अथवा मद्यनिषेध विभाग को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित