छिंदवाड़ा , अक्टूबर 08 -- दीपावली के त्योहार को देखते हुए चलाए जा रहे मिलावट से मुक्ति अभियान के बीच खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने पतंजलि काउज घी के एक बैच को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद उसे बाजार से वापस मंगाने के निर्देश जारी किए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार तामिया स्थित अनिल किराना से 10 अगस्त 2026 को पतंजलि काउज घी पैक 200 एमएल का नमूना लिया गया था। प्रयोगशाला जांच में नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद संबंधित बैच नंबर एफएडब्ल्यूबी260017 के घी को बाजार से तत्काल वापस बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी पैकिंग अप्रैल 2026 की बताई गई है और पैक पर वर्ष 2026 की एक्सपायरी दर्ज है।
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल ने 08 अक्टूबर को आदेश जारी कर संबंधित बैच के उत्पाद को जहां-कहीं बिक्री के लिए भेजा गया है, वहां से वापस लेने के निर्देश दिए हैं। संबंधित उत्पाद की वापसी पतंजलि फूड्स लिमिटेड, अहमदनगर, महाराष्ट्र द्वारा की जाएगी। छिंदवाड़ा जिले में कार्रवाई की निगरानी अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन करेंगे।
विभाग ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन महाराष्ट्र तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली को भी पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया है। खाद्य विभाग ने त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित