पौड़ी , मई 29 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड एकेश्वर स्थित पणखेत में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर शुक्रवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में पिछले नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि भूम्या डांडा तथा ज्वाल्पा देवी ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाओं के लिए 44 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे 24 गांवों एवं तोकों के लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन के तहत विकासखंड में स्वीकृत अधिकांश पेयजल योजनाओं का कार्य पूर्णता की ओर है।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न विभागों के माध्यम से सड़क, पेयजल, सिंचाई, विद्युत, पंचायत भवन और विद्यालयों से जुड़े विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये व्यय किए गए हैं। कई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण पूरा हो चुका है, जबकि अन्य परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि पंचायत भवनों के निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, लघु सिंचाई योजनाओं तथा विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए भी पर्याप्त धनराशि स्वीकृत की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित