सहारनपुर , जून 4 -- सहारनपुर पुलिस ने अम्बेहटापीर कस्बे में व्यापारी संजय मित्तल की पत्नी पूनम मित्तल (59) की हत्या और लूट के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पड़ोसी अंकुर गुप्ता और उसका साथी सलमान शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, एक तमंचा, हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि एक जून की शाम लगभग 3:30 बजे अंकुर गुप्ता अपने साथी सलमान के साथ संजय मित्तल के घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार अंकुर ने परिचित होने का लाभ उठाते हुए पूनम मित्तल को यह कहकर दरवाजा खुलवाया कि उसकी गेंद घर में गिर गई है और उसे लेने आया है।
दरवाजा खुलते ही दोनों आरोपी घर के भीतर घुस गए और पूनम मित्तल से नकदी और कीमती सामान के बारे में पूछताछ करने लगे। पुलिस के मुताबिक जब उन्हें घर में कोई बड़ी रकम नहीं मिली तो उन्होंने अलमारी की तलाशी ली, लेकिन वहां भी कुछ हाथ नहीं लगा। जांच में सामने आया कि इसके बाद आरोपियों ने पूनम मित्तल के कानों से सोने के कुंडल छीनने का प्रयास किया। विरोध और शोर मचाने पर दोनों को पहचान लिए जाने का डर हुआ। इसी दौरान अंकुर ने उनका मुंह दबा लिया, जबकि सलमान ने चाकू से उनका गला काट दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी सोने के कुंडल लेकर मौके से फरार हो गए।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने संदेह के आधार पर अंकुर गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित रूप से अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पूरी घटना का खुलासा किया। वहीं, थाना नकुड़ पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सलमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान सलमान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अंकुर गुप्ता पर कर्ज था और उसने सलमान से भी लगभग डेढ़ लाख रुपये उधार ले रखे थे। आर्थिक दबाव के चलते दोनों ने लूट की योजना बनाई थी। मामले के खुलासे में थाना नकुड़ प्रभारी निरीक्षक देवेश शर्मा, एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा, उपनिरीक्षक देवेंद्र अधाना सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। क्षेत्राधिकारी नकुड़ रूचि गुप्ता और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने भी जांच की निगरानी की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इस चर्चित हत्याकांड के खुलासे को लेकर व्यापारी संगठनों और वैश्य समाज के प्रतिनिधियों द्वारा लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी। मामले में पड़ोसी अंकुर गुप्ता की गिरफ्तारी से स्थानीय व्यापारिक और सामाजिक संगठनों में आश्चर्य व्यक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित