ग्रेटर नोएडा , नवंबर 02 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित दादरी थाना पुलिस ने खुद पर जानबूझकर गोलीबारी कराकर अपने पड़ोसी को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने की कथित साजिश का खुलासा किया है। जहां हरेन्द्र नागर ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई थी कि पड़ोसी विकास सैन को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाया जाए।
इसके लिए हरेन्द्र ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे के सामने खुद पर गोलीबारी कराई और बाद में विकास सैन के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। मामले की विवेचना में साजिश की परतें खुलने के बाद पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, सीपी प्लस कंपनी का डीवीआर और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि,हरेन्द्र नागर पुत्र समर सिंह का अपने पड़ोसी विकास सैन के साथ किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को आधार बनाकर हरेन्द्र ने विकास को गंभीर अपराध में फंसाने की योजना तैयार की। आरोप है कि इस षड्यंत्र में उसके परिवार और परिचितों के पांच अन्य लोग भी शामिल थे। योजना के तहत अतुल भाटी और कलुआ उर्फ प्रतीक को हरेन्द्र ने अपने घर बुलाया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे के सामने हरेन्द्र पर जानबूझकर फायरिंग कराई गई। घटना के बाद विकास सैन के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया, ताकि उसे जेल भिजवाया जा सके।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की भूमिका और कथित साजिश से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए मामले का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 530/26 में वांछित तीन आरोपियों को बिसाहड़ा अंडरपास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतीक उर्फ कलुआ (26), निवासी कूड़ीखेड़ा, थाना बादलपुर, अतुल भाटी (29), निवासी साकीपुर, थाना सूरजपुर और अभिषेक नागर (25), निवासी न्यादरगंज, कस्बा दादरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रतीक हरेन्द्र का भतीजा, अतुल उसका साला और अभिषेक उसका पुत्र है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, इसी बोर के दो जिंदा कारतूस, यूपी-16-एआर-0131 नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और सीपी प्लस कंपनी का डीवीआर बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं 109(1), 352, 351(3), 212, 238, 248(बी), 217 और 61(2) के साथ आयुध अधिनियम की धाराओं 3/25/27 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार अतुल भाटी का पूर्व में भी कई मुकदमों में नाम सामने आ चुका है। उसके खिलाफ दादरी, सूरजपुर और बीटा-2 थानों में मारपीट, धमकी, चोरी, आगजनी और लूट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं प्रतीक और अभिषेक के खिलाफ फिलहाल इस मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि हरेन्द्र नागर के भाई सतेन्द्र उर्फ सत्ते वर्ष 2007 के एक मामले में आईपीसी की धारा 302 के तहत सजायाफ्ता हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे षड्यंत्र से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित