पड़िक्कल का शतक और गिल का अर्धशतक, भारत ने पहले दिन बनाये 300/5कोलंबो, 23 नवंबर (वार्ता) देवदत्त पड़िक्कल (117) के लगातार दूसरे शतक और कप्तान शुभमन गिल (50) रन की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन रविवार को स्टंप्स के समय पांच विकेट पर 300 रन बना कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। 11वें ओवर में लाहिरू कुमारा ने केएल राहुल (18) को आउटकर श्रीलंका को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पड़िक्कल ने जायसवाल के साथ पारी को संभलाने का प्रयास किया। इसी दौरान 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर असिता फर्नांडो ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे जायवाल का शिकार कर लिया। यशस्वी जायसवाल ने 53 गेंदों में नौ चौकों की मदद से (45) रनों की पारी खेली।
भोजनकाल के बाद पड़िक्कल और गिल ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए तेजी के साथ रन बटोरे और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये। भारत का तीसरा विकेट चायकाल से पहले शुभमन गिल के रूप में गिरा। उन्हें 52वें ओवर में असिता फर्नांडों ने आउट किया। शुभमन गिल ने 108 गेंदों में छह चौकों की मदद से 50 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित