आगर-मालवा , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा में मुख्यमंत्री शहरी भू-अधिकार योजना के तहत आयोजित पट्टा वितरण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष और पटवारी के बीच विवाद हो गया। स्थिति इतनी बढ़ गई कि नगर पालिका अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में प्रशासन ने संबंधित पटवारी को तहसील कार्यालय अटैच कर मामले को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित पुरानी नगर पालिका परिसर में शुक्रवार को पट्टा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कुछ हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए और इसके बाद अन्य निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।

मंत्री के जाने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष नीलेश जैन पटेल और अन्य पार्षद शेष हितग्राहियों को पट्टे वितरित कर रहे थे। इसी दौरान बची हुई पट्टा फाइलों को एसडीएम कार्यालय ले जाने के मुद्दे को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष और पटवारी महेश मालवीय के बीच कहासुनी हो गई।

बताया गया कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर तनाव की स्थिति बन गई। जनप्रतिनिधियों का आरोप था कि पटवारी का व्यवहार ठीक नहीं था और उन्होंने अभद्रता की। इससे नाराज होकर नगर पालिका अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि वहीं धरने पर बैठ गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।

हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद विवाद को सुलझाने के लिए नगर पालिका कार्यालय में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्रीय विधायक मधु गहलोत, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, एडीएम और एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पटवारी महेश मालवीय को तहसील कार्यालय अटैच करने का निर्णय लिया। मामले की जानकारी देते हुए आगरमालवा के एसडीएम मिलिंद ढोके ने बताया कि पट्टा वितरण कार्यक्रम के दौरान समन्वय की कमी के कारण विवाद की स्थिति बनी थी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के आधार पर पटवारी को फिलहाल तहसील कार्यालय से अटैच कर दिया गया है और पूरे मामले की प्रशासन द्वारा समीक्षा की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित