गुरुग्राम , मई 14 -- हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने पटौदी ब्लॉक में विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान ब्लॉक जन स्वास्थ्य इकाई (बीपीएचयू) सहित तीन नए उप स्वास्थ्य केंद्र भवन जनता को समर्पित किए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बीपीएचयू को आधुनिक सुविधाओं से लैस निदान केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां एचबी, ईएसआर, आरबीएस, डेंगू, मलेरिया और रक्त समूह जांच सहित विभिन्न प्रयोगशाला परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे पटौदी ब्लॉक के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर जांच सेवाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा चंदू गांव में लगभग 89.45 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामान्य उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन भी किया गया। वहीं, नूरगढ़ और मेहचाना गांवों में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों को भी जनता को समर्पित किया गया।
नूरगढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण करीब 81.89 लाख रुपये तथा मेहचाना उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण लगभग 64.83 लाख रुपये की लागत से पूरा हुआ है। इन स्वास्थ्य परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नए भवनों और आधुनिक जांच सुविधाओं से क्षेत्र के लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और ग्रामीण मरीजों को शहरों की ओर कम जाना पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित