गांधीनगर , दिसंबर 13 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को खेतीबाड़ी उत्पन्न बाजार समिति (एपीएमसी) सूरत की ओर से नवनिर्मित राज्य के सबसे बड़े और पहले एलिवेटेड यानी पहली मंजिल तक भारी वाहनों का आवागमन सुनिश्चित करने वाले अत्याधुनिक मार्केट यार्ड का लोकार्पण किया।

श्री पटेल ने इसके साथ ही सूरत एपीएमसी मार्केट के आधुनिकीकरण और विस्तारीकरण के हिस्से के रूप में निर्मित इस अत्याधुनिक एलिवेटेड मार्केट यार्ड में आने वाले किसानों, व्यापारियों और श्रमिकों के लिए निःशुल्क प्राथमिक उपचार केंद्र और बीज वितरण केंद्र का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एलिवेटेड स्ट्रक्चर के निर्माण के लिए एपीएमसी की सराहना की, जिसमें बड़े ट्रक और भारी वाहनों की आसान आवाजाही तथा प्रवेश एवं निकास का इस प्रकार सुव्यवस्थित आयोजन किया गया है कि आने वाले कई वर्षों तक कोई अव्यवस्था नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1951 में केवल 15 हजार रुपये की आय के साथ शुरू हुई सूरत एपीएमसी आज सहकारिता के वटवृक्ष में बदल गयी है।

उन्होंने संपूर्ण रूप से कंप्यूटरीकृत और पारदर्शी व्यवस्था तथा यहां कृषि उपजों की बिक्री के लिए आने वाले किसानों को आरटीजीएस के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बधाई दी। उन्होंने इस बात की भी सराहना की कि इन सुविधाओं के चलते महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों के किसान भी यहां अपनी कृषि उपज बेचने के लिए आकर्षित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि रोजाना 12 से 15 हजार लोगों की आवाजाही के साथ यह मार्केट यार्ड पिछले दो वर्षों से आय की दृष्टि से गुजरात में अव्वल स्थान पर है और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।

कृषि एवं सहकारिता मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार और सहकारी क्षेत्र इस बात का लगातार प्रयास कर रहे हैं कि किसानों को नई सुविधाएं, आधुनिक व्यवस्थाएं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर मिले और उनकी आय में वृद्धि हो। इसका जीवंत उदाहरण सूरत की एपीएमसी मार्केट है। उन्होंने इस मार्केट में आधुनिकता के साथ-साथ किसान-उन्मुख सुविधाएं और व्यवस्थाएं विकसित करने के लिए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

विधायक और सूरत एपीएमसी के चेयरमैन संदीपभाई देसाई ने स्वागत भाषण में कहा कि सूरत एपीएमसी में देश के 15 राज्यों से किसान और बागायतदार अपने उत्पाद बेचने के लिए आते हैं। अत्याधुनिक एलिवेटेड मार्केट यार्ड में 100 फुट चौड़ा रैम्प बनाया गया है, जिससे टैम्पो और ट्रक जैसे वाहन सीधे पहली मंजिल पर दुकानों के सामने जाकर खड़े हो सकते हैं। इस सुविधा से कृषि उपजों को लाने-ले जाने में लगने वाले समय की बचत होगी और यातायात की समस्या से निजात मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित