पटियाला , अप्रैल 28 -- पंजाब के पटियाला में सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक के पास हुए धमाके से ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है।
पुलिस ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि धमाके के बाद शंभू-अंबाला रेल ट्रैक के पास से एक शव भी बरामद किया गया, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। हालांकि, विस्फोट के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार यह धमाका कल रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए निर्धारित रेलवे ट्रैक के पास हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके अलावा रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा फोर्स ( आरपीएफ ) की टीमें भी जांच के लिए पहुंचीं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए।
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जो व्यक्ति विस्फोटक लगाने की कोशिश कर रहा था, उसकी इसी दौरान मौत हो गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित